

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur jewellery employee arrested for 1 kg gold embezzlement
रायपुर। राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी प्रतिष्ठान में करोड़ों रुपये के सोने के गबन का मामला सामने आया है। संस्था में पिछले छह वर्षों से कार्यरत कर्मचारी ने मालिकों का भरोसा जीतने के बाद करीब 1 किलो 600 ग्राम सोना गायब कर दिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सदर बाजार स्थित मंत्रा गोल्ड में कार्यरत अरुण यादव पर करीब 1250 ग्राम सोने के आभूषण और 350 ग्राम शुद्ध सोना गबन करने का आरोप है। मामले की शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत, गबन और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह गेहरवार ने बताया कि तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
ज्वेलरी कारोबारी प्रदीप बजाज ने बताया कि वर्ष 2019 में अरुण यादव को संस्था में नौकरी पर रखा गया था। लंबे समय तक भरोसेमंद कर्मचारी होने के कारण उसे सोने के लेन-देन, माल पहुंचाने और हिसाब-किताब जैसी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।
23 अप्रैल को नियमित स्टॉक मिलान के दौरान बड़ी मात्रा में सोना कम पाया गया। जब इस संबंध में अरुण यादव से पूछताछ की गई तो उसने कुछ माल अपने घर पर सुरक्षित रखने की बात कही। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया, जिससे संदेह और गहरा गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अन्य कारोबारियों से भी सामान लिया था।
पुलिस अब गबन किए गए सोने की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।