

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur lakshya jewelry theft minor accused suicide
रायपुर: राजधानी के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में स्थित 'लक्ष्य ज्वेलरी शॉप' में हुई 80 लाख की बड़ी चोरी के मामले में एक सनसनीखेज मोड़ सामने आया है। वारदात के बाद से फरार चल रहे दूसरे नाबालिग आरोपी ने मंगलवार को अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की वारदात के बाद से ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं। पुलिस की निगरानी के कारण आरोपी के घर पर ताला लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि देर रात नाबालिग आरोपी घर के पीछे बने छज्जे के रास्ते गुपचुप तरीके से अंदर दाखिल हुआ। अंदर पहुंचकर उसने कमरे की कुंडी लगाई और आत्मघाती कदम उठा लिया।
मंगलवार सुबह जब आसपास के लोगों और परिजनों को कमरे के अंदर से कोई हलचल महसूस नहीं हुई, तो संदेह गहराया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर नाबालिग का शव फंदे से लटका मिला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ, क्राइम ब्रांच, स्थानीय थाना पुलिस और FSL (फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
क्या था मामला?
कुछ दिनों पहले खम्हारडीह स्थित लक्ष्य ज्वेलरी शॉप में 80 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात की चोरी हुई थी।पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित कुछ अन्य आरोपियों को पहले ही हिरासत में ले लिया था। दूसरा नाबालिग आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस को संदेह था कि चोरी का कुछ हिस्सा उसके पास ही छिपा हो सकता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असल वजह और समय स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।