

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur mumbai indigo new flight start 1 may afternoon schedule
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से मुंबई के बीच हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। इंडिगो एयरलाइंस ने 1 मई से इस रूट पर चौथी फ्लाइट शुरू करने की घोषणा की है। नई फ्लाइट दोपहर के समय संचालित होगी, जिससे यात्रियों को दिन में भी यात्रा का विकल्प मिलेगा।
एयरलाइन के अनुसार, फ्लाइट नंबर 6E 6122 मुंबई से दोपहर 12:30 बजे उड़ान भरेगी और 2:25 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर पहुंचेगी। यहां 30 मिनट के ठहराव के बाद यह फ्लाइट 2:55 बजे वापस मुंबई के लिए रवाना होगी और 4:35 बजे वहां लैंड करेगी।
अब तक रायपुर-मुंबई के बीच केवल तीन फ्लाइट्स संचालित हो रही थीं, जो सुबह, शाम और रात के समय उपलब्ध थीं। दोपहर में कोई फ्लाइट नहीं होने से यात्रियों को परेशानी होती थी। नई फ्लाइट शुरू होने से यह समस्या दूर हो जाएगी।
नई फ्लाइट से खासतौर पर बिजनेस ट्रैवलर्स और कनेक्टिंग फ्लाइट लेने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। छुट्टियों के सीजन में मुंबई के जरिए अन्य शहरों या विदेश जाने वालों के लिए भी यह विकल्प उपयोगी साबित होगा।
इस रूट पर यात्रियों की अधिक संख्या के कारण किराए अक्सर ज्यादा रहते हैं। एक और फ्लाइट जुड़ने से सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और किराए में कुछ कमी आने की उम्मीद है।
करीब ढाई साल पहले एयर इंडिया की फ्लाइट इस रूट पर संचालित होती थी, जिसे बाद में बंद कर दिया गया था। इसके बाद से केवल तीन फ्लाइट्स ही उपलब्ध थीं।
इंडिगो ने रायपुर से जयपुर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट शुरू करने की योजना बनाई थी, लेकिन तकनीकी कारणों से इसकी बुकिंग दो दिन में ही बंद कर दी गई। फिलहाल इस रूट पर सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं है।