

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। छत्तीसगढ़ के रायपुर की देवेंद्र नगर थाना पुलिस टीम पर वांछित आरोपियों की तलाश में दबिश देने के दौरान ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने सादे कपड़ों में पहुंची पुलिस टीम को 'चोर' समझ लिया और लाठी-डंडों से उन पर टूट पड़े। इस हिंसक हमले में रायपुर पुलिस के एक आरक्षी (कांस्टेबल) जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि अन्य पुलिसकर्मियों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
यह पूरी घटना कौशाम्बी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के ईचौली गांव की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय उत्तर प्रदेश पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन ग्रामीणों को हिरासत में ले लिया है और जांच के बाद एफआईआर (FIR) दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में तीन वांछित (वांटेड) आरोपियों— आकाश, शिवम केशरवानी और उनके एक अन्य साथी की तलाश की जा रही थी। इसी सिलसिले में रायपुर पुलिस की एक टीम कौशाम्बी के ईचौली गांव पहुंची थी।
घटनाक्रम कुछ इस तरह रहा:
पुलिस टीम ने सबसे पहले वांछित आरोपी आकाश को सफ़लतापूर्वक हिरासत में ले लिया। इसके बाद जब पुलिस टीम दूसरे आरोपी शिवम केशरवानी के घर पहुंची और उसे पकड़ने का प्रयास किया, तो मामला बिगड़ गया। आरोपी शिवम ने खुद को पुलिस की गिरफ्त से बचाने के लिए अचानक 'चोर-चोर' चिल्लाना शुरू कर दिया।
आरोपी शिवम की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण भारी संख्या में लाठी-डंडों के साथ मौके पर इकट्ठा हो गए। चूंकि छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान सिविल ड्रेस (सादे कपड़ों) में थे, इसलिए ग्रामीण उन्हें पहचान नहीं सके।
बिना सच्चाई जाने और बिना कोई सत्यता परखे ग्रामीणों ने पूरी पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया। देखते ही देखते पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोप है कि शिवम केशरवानी, उसके भाई, रिश्तेदारों और समर्थकों ने मिलकर पुलिसकर्मियों को वारंटी को अपने साथ ले जाने से जबरन रोक दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, इस रेडिंग टीम में निम्नलिखित पुलिसकर्मी शामिल थे।
1. आरक्षी जगदेव प्रसाद वर्मा (हमले में गंभीर रूप से घायल, सिर पर चोट)
2. मुख्य आरक्षी यूसुफ खान
3. आरक्षी अजय चौधरी
4. आरक्षी संदीप सिंह
5. आरक्षित सत्येंद्र प्रधान