

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur police bust international drug racket delhi arrests cocaine network 2026
रायपुर: राजधानी रायपुर पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली में दबिश देकर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों में दिल्ली निवासी सन्नी शर्मा (26) और नाइजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिन्स चार्ल्स (38) शामिल हैं। इनके कब्जे से 9.70 लाख रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और तीन चेकबुक जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है।
इस पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में की गई। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और देवेन्द्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की।
मामले की शुरुआत 19 मार्च को हुई, जब देवेन्द्र नगर थाना क्षेत्र में नारायणा अस्पताल के पास पुलिस ने कृष्ण गोपाल अग्रवाल (28) को 4.55 ग्राम कोकीन, एक कार और आईफोन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ और तकनीकी जांच में सामने आया कि वह एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ा हुआ है।
मोबाइल डेटा, बैंक खातों और अन्य इनपुट्स के विश्लेषण में खुलासा हुआ कि रायपुर में सप्लाई हो रही कोकीन का नेटवर्क दिल्ली के जरिए नाइजीरिया से संचालित हो रहा था। इस नेटवर्क का संचालन नाइजीरिया में बैठे ‘चिची’ नामक व्यक्ति द्वारा किया जा रहा था।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे कोकीन को बीपी मशीन के बॉक्स में छिपाकर कूरियर के माध्यम से अलग-अलग राज्यों में भेजते थे, ताकि किसी को शक न हो। सन्नी शर्मा ने अपने बैंक खाते कमीशन पर गिरोह को दे रखे थे, जिनके जरिए ड्रग्स के पैसों का लेन-देन किया जाता था।
पुलिस जांच में पिछले छह महीनों में करीब 2 करोड़ रुपये के ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है। खातों में करोड़ों के लेन-देन की जांच अभी जारी है।
पुख्ता जानकारी मिलने के बाद रायपुर पुलिस की टीम दिल्ली पहुंची और तिलक नगर इलाके में लोकेशन ट्रेस कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। नाइजीरियन आरोपित पहले भी वीजा उल्लंघन के मामले में जेल जा चुका है।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे छत्तीसगढ़ समेत देश के कई राज्यों में कोकीन सप्लाई कर रहे थे और अलग-अलग चैनलों का इस्तेमाल कर पुलिस से बचते थे।
रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने वर्ष 2026 में अब तक 36 मामलों में 93 आरोपितों को गिरफ्तार किया है और करीब 2.48 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस नेटवर्क से जुड़े और बड़े नामों के सामने आने की संभावना है और जांच लगातार जारी है।