

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur police ganesh utsav security drone surveillance preventive action
रायपुर। गणेश उत्सव और आने वाले त्योहारों को देखते हुए रायपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार पेट्रोलिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अब संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों की ड्रोन कैमरों से हवाई निगरानी भी शुरू की गई है।
नॉर्थ जोन के अंतर्गत पंडरी, उरला, गुढ़ियारी और खमतराई थाना क्षेत्रों में 13 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। वहीं रायपुर ग्रामीण के धरसींवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर 57 लोगों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत जेल भेजा है। इस तरह त्योहारों से पहले पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान तेज कर दिया है।
ड्रोन से होगी संवेदनशील इलाकों की निगरानी
गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल शुरू किया है। ड्रोन के जरिए ऊपर से प्रमुख स्थानों, लोगों की आवाजाही, भीड़ की स्थिति और संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, ड्रोन से मिलने वाली जानकारी के जरिए किसी भी संभावित स्थिति का समय रहते पता लगाया जा सकता है। भीड़ अचानक बढ़ने, किसी स्थान पर संदिग्ध गतिविधि होने या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति बनने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सकेगी।
त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग गणेश पंडालों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचते हैं। ऐसे में जमीन पर तैनात पुलिस बल के साथ आसमान से निगरानी की व्यवस्था को भी सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।
नॉर्थ जोन के चार थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार नॉर्थ जोन के पंडरी, उरला, गुढ़ियारी और खमतराई थाना क्षेत्रों में कुल 13 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पंडरी: 4 लोगों पर BNSS की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई।
उरला: 3 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई।
गुढ़ियारी: 3 लोगों पर कार्रवाई।
खमतराई: 3 लोगों पर कार्रवाई।
पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान किसी तरह की अशांति या विवाद की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए ऐसे लोगों पर पहले से कार्रवाई की जा रही है, जिनसे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
धरसींवा में एक सप्ताह में 57 लोगों पर कार्रवाई
रायपुर ग्रामीण के धरसींवा थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान तेज किया है। 19 सितंबर को थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान की टीम ने 20 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह में धरसींवा थाना क्षेत्र में कुल 57 लोगों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के तहत जेल भेजा गया है। कार्रवाई एएसपी चंचल तिवारी और सीएसपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की जा रही है।
त्योहारों में बढ़ेगी निगरानी
पुलिस उपायुक्त दीपमाला कश्यप के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य पांडे के पर्यवेक्षण में नॉर्थ जोन के प्रमुख मार्गों, सार्वजनिक स्थानों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जा रही है।
पुलिस की टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं। गणेश उत्सव के दौरान पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही बढ़ने को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था में पारंपरिक पेट्रोलिंग के साथ आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। ड्रोन निगरानी और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी, ताकि गणेश उत्सव और आगामी त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।