

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Police raid at Babu Khemani residence
रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। सट्टा एप 3 Stumps के कथित मास्टरमाइंड बाबू खेमानी के ठिकानों पर क्राइम ब्रांच और गंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश दी है। इस हाई-प्रोफाइल छापेमारी से शहर के सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को बाबू खेमानी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और विदेशी कनेक्शन से जुड़े पुख्ता इनपुट मिले थे। इसके बाद क्राइम डीएसपी, गंज टीआई और वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल ने खेमानी के ठिकानों को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस की टीम पिछले कई घंटों से घर के भीतर मौजूद दस्तावेजों, लैपटॉप, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को खंगाल रही है।
कौन है मास्टरमाइंड बाबू खेमानी?
बाबू खेमानी को 3 STUMPS नामक अवैध सट्टा वेबसाइट और एप का मुख्य सूत्रधार माना जा रहा है। पुलिस जांच में कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं:
आरोपी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहता था और एक इन्फ्लुएंसर की छवि बनाकर हाई-प्रोफाइल लोगों से संपर्क साधता था। खुलासा हुआ है कि बाबू खेमानी छत्तीसगढ़ से बाहर मुंबई और गोवा में छिपकर अपना सट्टा साम्राज्य चला रहा था। पुलिस को संदेह है कि सट्टे के लेन-देन के तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े हुए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, बाबू खेमानी वर्तमान में न्यायिक रिमांड पर है, लेकिन उसके ठिकानों से मिल रहे सबूतों के आधार पर छत्तीसगढ़ के कई बड़े नाम इस सिंडिकेट की चपेट में आ सकते हैं। पुलिस सट्टे के लेन-देन और अवैध वसूली के नेटवर्क का पर्दाफाश करने के बेहद करीब है। छापेमारी की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस इस मामले में आधिकारिक तौर पर बड़ा खुलासा कर सकती है।