

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-pravasi-chhattisgarhiya-conference-2026
रायपुर: मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आज विधानसभा स्थित समिति कक्ष में प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव और आयुक्त डॉ. रवि मित्तल ने सम्मेलन की तैयारियों और कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में संबंधित विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बताया गया कि नवा रायपुर में आगामी 27 और 28 मार्च को भव्य प्रवासी छत्तीसगढ़िया सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ के निवासियों को आमंत्रित किया जाएगा और इसके लिए एक विशेष पोर्टल भी तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से पंजीकरण किया जा रहा है।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ी लोक परंपरा, संस्कृति और साहित्य से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि विदेशों में रह रहे छत्तीसगढ़ वासियों को राज्य से जोड़ने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है और यह सम्मेलन राज्य और प्रवासियों दोनों के लिए एक बेहतर अवसर साबित होगा।
मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सम्मेलन में सहयोग करने के निर्देश दिए और यह भी कहा कि सम्मेलन में आने वाले प्रवासी नागरिकों को उनकी आवश्यकतानुसार सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। सम्मेलन के दौरान ऐसे छत्तीसगढ़ वासी जिन्हें अपने कार्य क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पहचान मिली है, उन्हें सम्मानित भी किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ प्रवासी छत्तीसगढ़ियों से युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे, जिससे युवा लाभान्वित हो सकें। इसके अलावा, सम्मेलन में निवेश के अवसरों पर चर्चा होगी और इच्छुक प्रवासी नागरिकों के साथ एमओयू भी किए जाएंगे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ी व्यंजन भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
बैठक में प्रमुख रूप से छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, स्टेट कैपिटल रीजन के सीईओ अंकित आनंद, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, गृह विभाग की सचिव नेहा चंपावत, ग्रामोद्योग विभाग के सचिव श्याम धावड़े और चंदन कुमार, संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।