

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-railway-station-2-year-old-girl-murder-stepfather-arrested
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रेलवे स्टेशन के फुटपाथ पर रहने वाली महज दो साल की बच्ची की मौत के मामले में हत्या का खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची की मौत जमीन पर पटकने से हुई। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। मामले में पुलिस ने बच्ची के 23 वर्षीय सौतेले पिता आकाश देवर को हिरासत में लिया है। आरोपी कुम्हारी का रहने वाला है।
इलाज के दौरान हुई थी बच्ची की मौत
जानकारी के मुताबिक, 19 नवंबर की सुबह करीब 8 से 9 बजे बच्ची की तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उपचार के दौरान दोपहर करीब 2 बजे बच्ची ने दम तोड़ दिया। शुरुआत में बच्ची की मौत को सामान्य बीमारी से जोड़कर देखा जा रहा था। उस समय परिजनों ने भी किसी तरह का संदेह जाहिर नहीं किया था।
पोस्टमार्टम में मिले चोट के निशान
बच्ची की मौत के बाद उसकी मां और अन्य परिजनों ने संदेह जताया और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। इसके लिए अस्पताल में आवेदन भी दिया गया। पोस्टमार्टम के दौरान बच्ची के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले। इसके बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया और मौत के पीछे किसी गंभीर घटना की आशंका जताई गई।
सौतेले पिता पर जमीन पर पटकने का आरोप
जांच के दौरान बच्ची के सौतेले पिता आकाश देवर का नाम सामने आया। आरोप है कि उसने बच्ची को जमीन पर पटक दिया था, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दुष्कर्म की पुष्टि नहीं
रेलवे जीआरपी के डीएसपी एसएन अख्तर ने बताया कि बच्ची के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में जमीन पर पटकने से मौत होने की बात सामने आई है। हालांकि, बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि अब तक नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सौतेले पिता के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।