

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-rehab-center-abuse-viral-video-case
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पंडरी मोवा इलाके में संचालित एक निजी नशामुक्ति केंद्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। ‘साहस नशा मुक्ति केंद्र’ में भर्ती एक आदिवासी युवक को पाइप से बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है।
पीड़ित युवक की पहचान ओडिशा के उमरकोट निवासी अंकुर मांझी के रूप में हुई है, जिसे उसके परिजनों ने नशे की लत छुड़ाने के लिए सितंबर-अक्टूबर 2025 में इस केंद्र में भर्ती कराया था। आरोप है कि इलाज के नाम पर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया।
परिजनों के मुताबिक, कुछ महीनों बाद जब अंकुर फरवरी में घर लौटा, तो उसकी हालत बेहद खराब थी। पीठ और गर्दन पर गहरे जख्म के निशान थे। कई जगहों की चमड़ी छिल चुकी थी। वह मानसिक रूप से भी बुरी तरह डरा और अस्थिर हो गया था।
डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उसके साथ गंभीर मारपीट हुई है, जिसके चलते उसकी मानसिक स्थिति प्रभावित हुई। फिलहाल उसका इलाज विशाखापट्टनम के एक अस्पताल में चल रहा है।
पीड़ित ने अपने परिजनों को बताया कि केंद्र की संचालिका के बेटे अनिकेश शर्मा ने उसे पाइप से पीटा और गाली-गलौज की। वायरल वीडियो में भी एक युवक को मरीज के साथ हिंसक व्यवहार करते देखा जा सकता है, जिसे अनिकेश शर्मा बताया जा रहा है। आरोप है कि केंद्र में इलाज के नाम पर ‘टॉर्चर सेल’ जैसा माहौल बनाया गया था।
अंकुर के परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें बेटे से मिलने नहीं दिया जाता था। मिलने जाने पर जातिसूचक गालियां दी जाती थीं। केंद्र प्रबंधन पूरी तरह से मनमानी कर रहा था।
पीड़ित परिवार की शिकायत पर पंडरी थाना में आरोपी अनिकेश शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी स्वराज त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। केंद्र संचालिका से लाइसेंस और संचालन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं। आरोपी की मेडिकल और अन्य रिपोर्ट भी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अनिकेश शर्मा खुद भी नशे की लत से जूझ रहा है और वर्तमान में टाटीबंध स्थित एक नशामुक्ति केंद्र में भर्ती है। पुलिस ने वहां से उसकी मेडिकल रिपोर्ट भी मांगी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।