

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-sahitya-utsav-2027-yuva-bharat-theme-cm-vishnu-deo-sai
रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस बार साहित्य उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों की मौजूदगी में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं के मामले में बेहद समृद्ध प्रदेश है। यहां की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में प्रदेश के जनजीवन और सांस्कृतिक चेतना की झलक मिलती है। रायपुर साहित्य उत्सव इस विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि पिछले साल छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में सीमित समय में साहित्य उत्सव का आयोजन किया गया था, जिसे साहित्यकारों और आयोजन समिति के सामूहिक प्रयासों से अच्छी सफलता मिली। इस बार आयोजन को और व्यापक, भव्य और गरिमामय स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव को देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में विशिष्ट पहचान दिलाना हमारा लक्ष्य है।
जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य को मिलेगा विशेष स्थान
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी जैसी भाषाओं में लोकज्ञान, परंपराओं और साहित्य की अमूल्य विरासत मौजूद है। इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित ज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण और संरक्षण जरूरी है।
उन्होंने कहा कि साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुखता दी जानी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ सके।
युवा रचनाकारों को मिलेगा बड़ा मंच
इस वर्ष की थीम ‘युवा भारत’ को प्रासंगिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश की युवा शक्ति, भाषाई विविधता और विचारों की बहुलता को दर्शाती है। साहित्य उत्सव में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने, विचार साझा करने और अनुभवी साहित्यकारों से सीखने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आयोजित कवि सम्मेलन प्रतियोगिताओं का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर और मंच देने की है। यह उत्सव उभरते रचनाकारों को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
साहित्यकारों ने दिए आयोजन को बेहतर बनाने के सुझाव
कार्यक्रम में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और रचनाकारों ने पिछले वर्ष के आयोजन के अनुभव साझा किए। उन्होंने आगामी साहित्य उत्सव को और प्रभावशाली बनाने के लिए सुझाव भी दिए।
साहित्यकारों ने कहा कि राजधानी में इतने बड़े स्तर पर साहित्य महोत्सव का आयोजन प्रदेश के साहित्यिक जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय रचनाकारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने की संभावनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने साहित्य, कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने की राज्य सरकार की पहल की सराहना की और आगामी आयोजन में सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री साय ने सभी साहित्यकारों और आयोजन समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से रायपुर साहित्य उत्सव छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित प्रदेशभर से आए वरिष्ठ साहित्यकार, कवि, लेखक और साहित्य जगत से जुड़े गणमान्यजन मौजूद रहे।