

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur stadium crowd chaos rcb vs kkr match mismanagement
रायपुर। राजधानी के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आज RCB और KKR के बीच मुकाबला रोमांच और विवादों के बीच जारी है। एक तरफ मैदान पर दिग्गज खिलाड़ी चौके-छक्के लगा रहे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ स्टेडियम के बाहर स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है।
मैच शुरू होने से पहले ही स्टेडियम के बाहर अव्यवस्थाओं का अंबार लग गया। बड़ी संख्या में ऐसे दर्शक पहुंचे थे जिनके पास वैध टिकट थे, लेकिन सुरक्षा कारणों या भीड़ प्रबंधन में विफलता के चलते उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया।
एंट्री न मिलने से नाराज फैंस का सब्र टूट गया और कई लोग ऊंची दीवारों को फांदकर स्टेडियम के अंदर घुसने लगे।
सबसे ज्यादा हंगामा गेट नंबर 2 पर देखा गया, जहां भीड़ बेकाबू हो गई। आक्रोशित भीड़ ने सुरक्षा घेरा तोड़ दिया और गेट को क्षतिग्रस्त कर सीधे अंदर दाखिल हो गई। इसमें टिकट धारकों के साथ-साथ बिना टिकट वाले लोग भी शामिल थे।
बढ़ते हंगामे को शांत करने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने सख्त रुख अपनाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और निजी बाउंसरों ने लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों को वीडियो बनाने से रोका गया। सुरक्षाकर्मियों ने मोबाइल और कैमरे बंद कराने की कोशिश की, जिससे माहौल और भी गरमा गया।
मैच की शुरुआत में मौसम ने खलल डाला। भारी बारिश के कारण मुकाबला देरी से शुरू हुआ और अंततः रात 8:45 बजे पहली गेंद फेंकी गई। हालांकि, मूसलाधार बारिश भी फैंस के उत्साह को कम नहीं कर सकी। स्टेडियम पहुंचे अधिकतर फैंस ने कहा कि वे सिर्फ विराट कोहली को बैटिंग करते देखने के लिए भीगते हुए घंटों लाइन में लगे रहे।
केवल स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि बड़ी संख्या में फैंस कोलकाता से अपनी टीम KKR को सपोर्ट करने रायपुर पहुंचे हैं।
स्टेडियम में अव्यवस्था का यह कोई पहला मामला नहीं है। दर्शकों का आरोप है कि पिछली बार के मैचों की तरह इस बार भी प्रशासन और आयोजकों ने भीड़ प्रबंधन पर ध्यान नहीं दिया। पार्किंग से लेकर एंट्री गेट तक, हर जगह फैंस को परेशानियों का सामना करना पड़ा। फिलहाल, स्टेडियम के अंदर मैच जारी है, लेकिन बाहर हुई इस हिंसा और बदइंतजामी ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ और स्थानीय प्रशासन की तैयारियों पर सवालिया निशान लगा दिया है।