

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर: राजधानी रायपुर में आज से स्कूली खेलों का रोमांच शुरू हो रहा है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय स्कूल चैंपियनशिप में रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुल 550 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। अकेले रायपुर संभाग से 110 खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे।
सुब्रतो कप फुटबॉल मुकाबले कोटा स्टेडियम में खेले जाएंगे, जिसमें अंडर-17 बालक-बालिका और अंडर-15 बालक वर्ग की टीमें शामिल होंगी। बॉक्सिंग प्रतियोगिता प्रगति मैदान (मंडी गेट, पंडरी) में आयोजित होगी, जिसमें अंडर-14, 17 और 19 बालक तथा अंडर-17 और 19 बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
जिला खेल अधिकारी छाया प्रकाश राव ने जानकारी दी है कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों के रहने के लिए बेहतर प्रबंध किए गए हैं और खेल स्थलों पर सुरक्षा, चिकित्सा व पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। इन मुकाबलों में प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ी अक्टूबर-नवंबर में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
क्रिकेट अपडेट: अंडर-19 के 421 खिलाड़ियों ने दिया स्किल टेस्ट
दूसरी ओर, रायपुर जिला क्रिकेट संघ द्वारा सत्र 2027-28 के लिए चयन प्रक्रिया जोरों पर है। शनिवार को आरडीसीई इंडोर स्टेडियम, तेलीबांधा में आयोजित अंडर-19 ट्रायल में जिले के 421 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
खिलाड़ियों की अधिक संख्या को देखते हुए ट्रायल को 6 स्लॉट में विभाजित किया गया था, जो सुबह 8:30 बजे शुरू हुए।
खिलाड़ियों को प्रारंभिक बल्लेबाज, मध्यक्रम बल्लेबाज, तेज गेंदबाज और स्पिन गेंदबाज जैसी श्रेणियों में बांटकर उनके कौशल, तकनीक और फिटनेस का मूल्यांकन किया गया।
चयन प्रक्रिया के अगले चरण में आज, 12 जुलाई को अंडर-23 और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों के ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।