

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur tikrapara five bodies found
रायपुर: राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर इलाके में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक ही घर से पांच लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
स्थानीय रहवासियों के अनुसार, संजय नगर स्थित उक्त मकान का दरवाजा शुक्रवार शाम से ही नहीं खुला था। जब काफी देर तक घर के भीतर से कोई हलचल नहीं हुई और संदेह बढ़ा, तो पड़ोसियों ने इसकी सूचना तत्काल टिकरापारा पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। शुरुआती जांच में घर के भीतर पांच लोगों के शव होने की पुष्टि हुई है। पुलिस फिलहाल पूरे घर की बारीकी से छानबीन कर रही है ताकि मौत के कारणों तक पहुँचा जा सके।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह परिवार लगभग आठ महीने पहले ही इस मकान में किराए पर रहने आया था। फिलहाल पुलिस मृतकों की पहचान और उनके बैकग्राउंड के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला अत्यंत संवेदनशील है। मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि यह हत्या है, आत्महत्या है या कोई अन्य हादसा।
इलाके में इस घटना के बाद से मातम और दहशत का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।