

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur urla 3d factory oxygen cylinder blast two workers killed
रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री की 3डी फैक्ट्री में मंगलवार शाम हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। फैक्ट्री के भीतर ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से हुए धमाके में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कई अन्य मजदूरों के मलबे में दबे या लापता होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री के भीतर अचानक तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि फैक्ट्री के एक हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा और वहां काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। कई मजदूर जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन कुछ के अंदर ही फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही उरला पुलिस, फायर ब्रिगेड, 108 एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत दल मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश में जुटा हुआ है। गंभीर रूप से घायल मजदूर को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे की खबर फैलते ही फैक्ट्री के बाहर मजदूरों के परिजनों की भारी भीड़ जुट गई। अपने परिजनों की जानकारी के लिए लोग घंटों तक परेशान रहे। मौके पर मौजूद परिजनों ने फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जाहिर की। उनका आरोप है कि हादसे के काफी देर बाद तक फैक्ट्री प्रबंधन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी की। पूरे फैक्ट्री परिसर को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर घेराबंदी कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं बरती गई।
फिलहाल राहत एवं सर्च ऑपरेशन जारी है। प्रशासन ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण और नुकसान की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।