

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

rajim upgraded to municipality chhattisgarh government notification
रायपुर। गरियाबंद जिले के धार्मिक और ऐतिहासिक नगर राजिम को अब नगर पंचायत से नगर पालिका का दर्जा मिल गया है। छत्तीसगढ़ सरकार ने लंबे समय से चली आ रही स्थानीय लोगों की मांग को स्वीकार करते हुए यह बड़ा फैसला लिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना के अनुसार, वर्तमान राजिम नगर पंचायत की सीमाएं ही नई नगर पालिका की सीमाएं मानी जाएंगी।
राजिम को नगर पालिका का दर्जा मिलने के साथ ही शहर के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। छत्तीसगढ़ का 'प्रयागराज' कहलाने वाले इस धार्मिक नगर को अब अधिक वित्तीय संसाधन और प्रशासनिक अधिकार प्राप्त होंगे, जिससे आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा सकेगा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जताई खुशी
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने कहा कि राजिम को नगर पालिका बनाने का निर्णय शहर के सुनियोजित और समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका बनने के बाद सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी आएगी।
सरकारी योजनाओं का मिलेगा बेहतर लाभ
अरुण साव ने बताया कि नगर पालिका का दर्जा मिलने से राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न शहरी विकास योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से नागरिकों तक पहुंचाया जा सकेगा। सरकार का उद्देश्य राजिम को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक विकसित और सुव्यवस्थित नगर के रूप में विकसित करना है।

शहर में खुशी का माहौल
सरकार के इस फैसले के बाद राजिम के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों में खुशी की लहर है। लंबे समय से नगर पालिका बनाए जाने की मांग कर रहे स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे शहर के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया है। माना जा रहा है कि नगर पालिका बनने के बाद राजिम में शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी।