

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

rajnandgaon rpf jawan saves passenger from moving train accident
राजनांदगांव। रेलवे स्टेशन राजनांदगांव में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक जवान की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक यात्री का पैर फिसल गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगा। मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान ने तुरंत दौड़कर उसे सुरक्षित बाहर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, नागपुर श्री चेतन दिलीपराव जिचकार के निर्देशन में यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगातार सतर्कता बरती जा रही है। इसी कड़ी में 'ऑपरेशन जीवन रक्षा' के तहत रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट राजनांदगांव के स्टाफ ने त्वरित कार्रवाई कर यात्री का जीवन बचाया।
घटना 8 जुलाई की है। गाड़ी संख्या 12101 के राजनांदगांव स्टेशन से रवाना होने के दौरान एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगा। प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक राजेंद्र रायकवार ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए यात्री को पकड़कर सुरक्षित बाहर खींच लिया।
पूछताछ में यात्री ने अपना नाम बृजेश सकुनिया (52 वर्ष) निवासी हनुमान मंदिर पारा, झारसुगुड़ा बताया। उन्होंने बताया कि वे गोंदिया जंक्शन से झारसुगुड़ा जा रहे थे। राजनांदगांव स्टेशन पर उतरने के बाद ट्रेन चलने लगी तो उन्होंने दोबारा चढ़ने का प्रयास किया, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया। आरपीएफ जवान की तत्परता से उनकी जान बच गई।
यात्री ने रेलवे सुरक्षा बल का आभार व्यक्त किया और सुरक्षित अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास कभी न करें, क्योंकि यह जानलेवा साबित हो सकता है। किसी भी सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क किया जा सकता है।