

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ts singh deo chhattisgarh congress president support campaign
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव की चर्चाओं के बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। उनके समर्थकों ने सोशल मीडिया पर अभियान शुरू कर दिया है और लगातार ऐसे पोस्ट साझा किए जा रहे हैं, जिनमें सिंहदेव को प्रदेश की कमान सौंपने की मांग की जा रही है। हालांकि, सिंहदेव ने खुद इस तरह की मुहिम से दूरी बनाते हुए कार्यकर्ताओं से ऐसे पोस्ट न करने की अपील की है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट में लिखा जा रहा है कि "अगर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार चाहिए, तो बाबा को प्रदेश की कमान देनी होगी।" इन पोस्टों पर कांग्रेस से जुड़े कई कार्यकर्ता और समर्थक भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का कोई तय कार्यकाल नहीं होता। उन्होंने कहा कि जब वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की नियुक्ति हुई थी, तब भी उनके कार्यकाल की कोई समय सीमा तय नहीं की गई थी। प्रदेश अध्यक्ष कब तक अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे, इसका फैसला पूरी तरह कांग्रेस हाईकमान करता है।

सिंहदेव ने कहा कि कुछ लोग अपनी भावनाएं व्यक्त करने से खुद को रोक नहीं पाते, लेकिन ऐसे फैसले पार्टी नेतृत्व को ही लेने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपने स्तर पर इस तरह के सोशल मीडिया पोस्ट करना अनावश्यक है और इससे स्थिति और अधिक जटिल हो सकती है।
गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले टीएस सिंहदेव ने एक बातचीत में कहा था कि यदि पार्टी उन्हें जिम्मेदारी देती है तो वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के लिए तैयार हैं। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि टीएस सिंहदेव को दिल्ली में संगठन के लिए काम करना चाहिए और छत्तीसगढ़ में युवाओं को अवसर मिलना चाहिए।

अब समर्थकों की सोशल मीडिया मुहिम ने एक बार फिर कांग्रेस संगठन में संभावित बदलाव की चर्चाओं को हवा दे दी है। हालांकि, अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान के हाथ में ही माना जा रहा है।