

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

vietnam phu quoc boat accident indian tourists rescue operation
फु क्वोक (वियतनाम): वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक बोट हादसे का शिकार हो गई। बोट के पलटने के बाद स्थानीय प्रशासन ने बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की खबर है। हालांकि, मृतकों में कितने भारतीय शामिल हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय बोट में करीब 24 भारतीय नागरिक सवार थे। बताया जा रहा है कि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु सहित विभिन्न राज्यों के कुल 105 पर्यटक वियतनाम घूमने गए थे। पर्यटक श्रीनिवास के अनुसार, बोट में आंध्र प्रदेश के 5 और तमिलनाडु के 17 लोग सवार थे। आंध्र प्रदेश के दो पर्यटक सुरक्षित हैं, जबकि तीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तमिलनाडु के कई पर्यटकों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
भारतीय दूतावास ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही बोट के पलटने की सूचना मिली है। स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव अभियान जारी है और घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
दूतावास ने प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। परिवारजन जानकारी प्राप्त करने के लिए हो ची मिन्ह सिटी कंट्रोल रूम के नंबर +84-362817930, +84-915523714 और +84-334520414 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं, हनोई कंट्रोल रूम के लिए +84-913089165 नंबर जारी किया गया है।
भारतीय दूतावास ने आश्वासन दिया है कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और प्रभावित भारतीय नागरिकों तथा उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।