

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

ramayanam trailer launch school kids cultural campaign delhi
नई दिल्ली। नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायणम्' के भव्य ट्रेलर लॉन्च को बच्चों के लिए यादगार बनाने की अनोखी पहल की गई। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में देशभर के स्कूलों से चुने गए विजेता छात्र-छात्राओं को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। बच्चों ने फिल्म के ट्रेलर की एक्सक्लूसिव स्क्रीनिंग देखी और उन्हें रामायण पर आधारित कॉमिक बुक्स भी भेंट की गईं।
फिल्म के निर्माताओं ने रिलीज से पहले नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और रामायण की विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से देशव्यापी सांस्कृतिक अभियान चलाया। इस अभियान में 18 शहरों के 400 से अधिक स्कूलों और 5 लाख से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता बच्चों को ट्रेलर लॉन्च में शामिल होने का अवसर मिला, जो उनके लिए एक अविस्मरणीय अनुभव साबित हुआ।
निर्माताओं का कहना है कि 'रामायणम्' केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सभ्यता को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का प्रयास है। इस पहल के जरिए बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और रामायण के मूल्यों से परिचित कराने की कोशिश की गई।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा की प्राइम फोकस स्टूडियोज, आठ बार ऑस्कर विजेता VFX कंपनी DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस मिलकर कर रहे हैं। दो भागों में बनने वाली यह फिल्म दुनियाभर के IMAX सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगा।