

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

मुंबई। बॉलीवुड के 'दबंग' अभिनेता सलमान खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई फिल्म नहीं, बल्कि मुंबई के पैपराजी (फोटोग्राफर्स) पर उनका फूटा गुस्सा है। अपनी प्राइवेसी (निजता) में दखलअंदाजी को लेकर भड़के सुपरस्टार ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर मीडिया और पैपराजी को बेहद सख्त लहजे में चेतावनी दी है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, मंगलवार रात सलमान खान अपने किसी बेहद करीबी बीमार शख्स को देखने मुंबई के हिंदूजा अस्पताल पहुंचे थे। इस बात की भनक लगते ही पैपराजी की भारी भीड़ फोटो और वीडियो लेने के लिए अस्पताल के बाहर जुट गई।
अस्पताल जैसी जगह होने के कारण सलमान खान ने शालीनता से उन्हें फोटो खींचने और वीडियो बनाने से मना किया। इसके बावजूद पैपराजी नहीं माने और कैमरे चमकाते रहे। हद तो तब हो गई जब भीड़ में से कुछ लोग सलमान खान की लंबे समय से अटकी आगामी फिल्म 'मातृभूमि: मे वार रेस्ट इन पीस' का नाम लेकर अस्पताल परिसर में ही जोर-जोर से चिल्लाने लगे। इस हरकत को देखकर भाईजान अपना आपा खो बैठे और पैपराजी पर बुरी तरह भड़क गए।
अस्पताल से निकलने के बाद सलमान खान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए मीडिया की इस संवेदनहीनता पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने लिखा “किसी के दुख-दर्द में कंटेंट बनाना और उससे पैसे कमाना पूरी तरह गलत है।”
इसके आगे पैपराजी और मीडिया को खुली चेतावनी देते हुए भाईजान ने अपने ही 'दबंग' अंदाज में लिखा “मैं 60 साल का हो गया हूं, लेकिन लड़ना नहीं भूला... यह बात याद रखना।”
सलमान खान की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। फैंस लगातार भाईजान का समर्थन कर रहे हैं और अस्पताल जैसी जगहों पर सेलिब्रिटीज को प्राइवेसी देने की वकालत कर रहे हैं।