

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur police seized 7 crore property of ganja smuggler ravi sahu under ndps safema act
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक वित्तीय चोट की है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त कार्रवाई करते हुए कुख्यात गांजा तस्कर और हिस्ट्रीशीटर रवि साहू और उसके परिवार की करीब 7.66 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को सीज (Freezed) कर दिया है।
सफेमा (SAFEMA) और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत की गई इस कार्रवाई को सक्षम प्राधिकारी, मुंबई ने कंफर्म कर दिया है। रायपुर पुलिस के इतिहास में एनडीपीएस एक्ट के तहत वित्तीय जांच कर संपत्ति कुर्क करने का यह पहला इतना बड़ा मामला माना जा रहा है।
10 साल की सजा काट रहा है माफिया रवि, दर्ज हैं 55 मामले
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी रवि साहू रायपुर के गांधीनगर कालीबाड़ी का निवासी है। वह लंबे समय से रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में गांजा तस्करी का एक बड़ा सिंडिकेट चला रहा था। रवि साहू के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग थानों में हत्या का प्रयास, मारपीट और तस्करी समेत कुल 55 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में उसे 17 किलो 882 ग्राम गांजा तस्करी के मामले में विशेष एनडीपीएस कोर्ट द्वारा 10 वर्ष के सश्रम कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई जा चुकी है और वह फिलहाल जेल में है।
बीवी, मां और बच्चों के नाम पर छिपाई थी काली कमाई
जेल भेजने के बाद रायपुर पुलिस ने जब रवि साहू के खिलाफ वित्तीय जांच (Financial Investigation) शुरू की, तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। रवि ने नशे की अवैध कमाई को खपाने के लिए अपनी पत्नी शशि साहू, मां और पुत्र के नाम पर करोड़ों रुपये की संपत्तियां खरीद रखी थीं।
वित्तीय जांच में सामने आया कि आरोपी की वैध आय का कोई जरिया नहीं था, जबकि उसके और परिवार के नाम पर रायपुर और अभनपुर क्षेत्र में महंगी कृषि भूमि, आलीशान मकान, व्यावसायिक प्लॉट और कई कमर्शियल वाहन मौजूद थे।
सफेमा कोर्ट मुंबई में ऑनलाइन हुई सुनवाई
आय के वैध स्रोत न मिलने पर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत इन संपत्तियों को फ्रीज करने का एक मजबूत प्रस्ताव सफेमा कोर्ट मुंबई को भेजा था। इस मामले में ऑनलाइन सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान आरोपी पक्ष और उसका परिवार इन करोड़ों की संपत्तियों की खरीद को लेकर कोई भी कानूनी या संतोषजनक जवाब और दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद मुंबई के सक्षम प्राधिकारी ने पुलिस के फ्रीजिंग आदेश को सही ठहराते हुए इस पर अंतिम मुहर लगा दी।
कुल 16 संपत्तियां सीज, अब नहीं हो सकेगा कोई लेन-देन
पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई के तहत रवि साहू और उसके परिवार से जुड़ी कुल 16 अचल और चल संपत्तियों को पूरी तरह लॉक कर दिया है। अब इन संपत्तियों की खरीद-बिक्री, ट्रांसफर या किसी भी तरह का वित्तीय लेन-देन बिना सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के नहीं हो सकेगा।
आने वाले समय में भी जारी रहेगी ऐसी कार्रवाई: डीसीपी
मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी सेंट्रल उमेश गुप्ता ने बताया कि रायपुर पुलिस नशे के कारोबार की जड़ पर प्रहार कर रही है। सिर्फ आरोपियों को पकड़ना काफी नहीं है, बल्कि अवैध नशे की कमाई से खड़ी की गई उनकी आर्थिक रीढ़ को तोड़ना जरूरी है। तस्करों की वित्तीय जांच लगातार जारी है और आने वाले दिनों में कई और बड़े नशा तस्करों की संपत्तियां इसी तरह कुर्क की जाएंगी।