

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

sangita sinha appointed incharge president chhattisgarh mahila congress
छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक अहम संगठनात्मक बदलाव सामने आया है। संजारी बालोद से विधायक संगीता सिन्हा को छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस का प्रभारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति ऑल इंडिया महिला कांग्रेस द्वारा आधिकारिक पत्र जारी कर की गई है। संगीता सिन्हा स्थायी प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगी।
दरअसल, महिला कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर लंबे समय से मंथन चल रहा था। संगीता सिन्हा और छन्नी साहू के नामों के बीच खींचतान की स्थिति बनी हुई थी। संगठन के भीतर अलग-अलग खेमों का समर्थन भी दोनों नेताओं को मिल रहा था, जिससे निर्णय में देरी हो रही थी।

इससे पहले जनवरी में दिल्ली में इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी की गई थी, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा की मौजूदगी में पांच वरिष्ठ महिला नेताओं—अनिला भेड़िया, संगीता सिन्हा, छन्नी साहू, ममता चंद्राकर और तुलिका कर्मा—ने अपनी दावेदारी पेश की थी। अंतिम दौर में मुकाबला मुख्य रूप से संगीता सिन्हा और छन्नी साहू के बीच माना जा रहा था।
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, संगठन के एक वर्ग का झुकाव छन्नी साहू की ओर था, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खेमे से संगीता सिन्हा को मजबूत समर्थन प्राप्त था। अब प्रभारी अध्यक्ष के रूप में संगीता सिन्हा के नाम पर सहमति बन गई है।
संगीता सिन्हा संजारी बालोद विधानसभा सीट से विधायक हैं और उन्होंने स्नातक तक शिक्षा प्राप्त की है। वे धमतरी के शासकीय कॉलेज से पढ़ी हैं। उन्हें छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का सदस्य भी बनाया जा चुका है और वे उत्कृष्ट विधायक के सम्मान से भी नवाजी जा चुकी हैं।
उनकी इस नियुक्ति को महिला कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति को धार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।