

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

smriti irani raipur visit chhattisgarh
रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी आज 25 अक्टूबर को रायपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत सादगी के साथ किया गया। संगठन की ओर से नामित 16 पदाधिकारी और विधायक स्वागत के लिए पहुंचे। इस दौरान न तो ढोल-ताशे बजाए गए और न ही किसी मंत्री को बुलाया गया। स्वागत के लिए प्रस्तावित भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की बाइक रैली भी स्थगित कर दी गई।
एयरपोर्ट से स्मृति ईरानी सीधे भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचीं। यहां भी उनका स्वागत सादगी से किया गया। बताया गया कि स्मृति ईरानी के निर्देश पर भाजपा कार्यालय के भीतर से पुलिस सुरक्षा हटा दी गई है।
रायपुर पहुंचने के दौरान एक महिला कार्यकर्ता स्मृति ईरानी के साथ सेल्फी लेना चाह रही थीं। इस पर स्मृति ईरानी ने प्यार से उनके सिर पर हाथ रखा, लेकिन सेल्फी लेने से मना कर दिया। उनके साथ छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी पहुंचे हैं।
भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और महामंत्रियों की बैठक शुरू हो गई है। संगठन की आगामी रणनीति और कामकाज को लेकर बैठकों का कार्यक्रम तय किया गया है। हालांकि, बैठक के शेड्यूल में कुछ बदलाव भी किए गए हैं। अब कोर ग्रुप की बैठक 26 अक्टूबर को होगी, जबकि निगम-मंडल से जुड़े विषयों पर बैठक आज ही आयोजित की जाएगी।
स्मृति ईरानी और प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू 25 और 26 अक्टूबर को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संगठन के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कुल 12 बैठकों में शामिल होंगे। इन बैठकों के जरिए प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक कामकाज, आगामी कार्ययोजना और जनप्रतिनिधियों की भूमिका से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
स्मृति ईरानी की छत्तीसगढ़ प्रभारी के तौर पर यह पहली यात्रा है। ऐसे में उनके दौरे को प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक कामकाज और आगामी राजनीतिक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।