

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

spain beats argentina to win fifa world cup 2026 title
स्पेन ने FIFA वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। रोमांच से भरपूर यह मुकाबला पूरे 120 मिनट तक चला, जिसमें निर्णायक गोल एक्स्ट्रा टाइम के 106वें मिनट में सब्स्टीट्यूट फेरान टॉरेस ने दागा। उनके इस गोल का अर्जेंटीना कोई जवाब नहीं दे सकी और स्पेन ने 16 साल बाद फिर से विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
मैच की शुरुआत से ही स्पेन ने आक्रामक खेल दिखाया और गेंद पर लगातार कब्जा बनाए रखा। निर्धारित 90 मिनट और एक्स्ट्रा टाइम के पहले हाफ तक स्पेन ने अर्जेंटीना के गोल पर 19 शॉट लगाए, जिनमें 10 निशाने पर थे। हालांकि एक गोल फाउल के कारण रद्द कर दिया गया और बाकी मौकों पर अर्जेंटीना के डिफेंस ने बचाव किया।
निर्णायक पल एक्स्ट्रा टाइम के दूसरे हाफ की शुरुआत में आया, जब फेरान टॉरेस ने बाएं पैर से शानदार शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। यह स्पेन का मैच में 20वां शॉट था और यही गोल टीम को विश्व चैंपियन बनाने के लिए काफी साबित हुआ।
दूसरी ओर, अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी इस बड़े मुकाबले में प्रभाव नहीं छोड़ सके। स्पेन के गोल करने तक अर्जेंटीना एक भी शॉट गोलपोस्ट की दिशा में नहीं लगा सकी। अंतिम मिनटों में टीम ने वापसी की कोशिश की, लेकिन तीनों प्रयास लक्ष्य से बाहर रहे।
इस हार के साथ अर्जेंटीना का लगातार दूसरी बार और कुल चौथी बार विश्व कप जीतने का सपना टूट गया। वहीं मेसी का एक और विश्व कप ट्रॉफी के साथ अपने करियर को यादगार बनाने का सपना भी अधूरा रह गया।
स्पेन के लिए यह जीत ऐतिहासिक रही। इससे पहले उसने 2010 में पहली बार विश्व कप जीता था और तब भी फाइनल एक्स्ट्रा टाइम में किए गए एकमात्र गोल से ही जीता गया था। दिलचस्प संयोग यह भी है कि 2010 की तरह इस बार भी स्पेन ने विश्व कप जीतने से दो साल पहले यूरो कप (2024) का खिताब अपने नाम किया था। 2026 का यह विश्व कप स्पेनिश फुटबॉल के स्वर्णिम दौर की एक और बड़ी उपलब्धि बन गया।