

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

sukma kshitij coaching neet ug 2026 32 students qualified
रायपुर, 19 जुलाई 2026। सुकमा जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। जिला प्रशासन द्वारा संचालित निःशुल्क 'क्षितिज' JEE-NEET कोचिंग सेंटर के 32 विद्यार्थियों ने NEET-UG 2026 की क्वालिफाइंग कटऑफ पार कर जिले का नाम रोशन किया है। इनमें से 13 विद्यार्थियों के शासकीय मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस प्रवेश की प्रबल संभावना है।

आदिवासी और ग्रामीण परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी आसान नहीं थी। ऐसे में जिला प्रशासन की पहल पर शुरू किए गए 'क्षितिज' कोचिंग सेंटर ने उन्हें निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण कोचिंग, विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन और नियमित परीक्षा तैयारी का अवसर उपलब्ध कराया। विद्यार्थियों ने कठिन मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन के दम पर यह सफलता हासिल की।
वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस उपलब्धि के पीछे कलेक्टर अमित कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर और जिला शिक्षा अधिकारी जी. आर. मण्डावी के मार्गदर्शन में किए गए लगातार प्रयासों की अहम भूमिका रही। प्रशिक्षण प्रदाता संस्था कैंप एकेडमी के शिक्षकों सूरज सिंह, सोनम सिंह, निधि चौहान और राजनीश पटेल ने विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं, विषयवार मार्गदर्शन और परीक्षा रणनीति के माध्यम से तैयार किया।

'क्षितिज' कोचिंग सेंटर के विद्यार्थियों की सफलता से जिले के अन्य छात्रों में भी प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ा है। इस उपलब्धि ने यह साबित किया है कि प्रतिभा संसाधनों की नहीं, बल्कि सही मार्गदर्शन और मेहनत की मोहताज होती है।
जिला प्रशासन ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता सुकमा में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है। कठिन परिस्थितियों से निकलकर अब जिले के युवा डॉक्टर बनने का सपना साकार करने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं।