

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Sukma Naxal Dump Recovered
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। चिंतलनार थाना क्षेत्र के रासापल्ली और गुण्डराजगुड़ेम के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का डम्प बरामद किया गया है। इसमें 8 देशी हथियार, 229 जिंदा कारतूस और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी के आधार पर 25 नवंबर को जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने इलाके में एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान रासापल्ली के जंगल में नक्सलियों के पुराने डम्प का पता चला।
सुरक्षा बलों ने मौके से 2 सिंगल शॉट राइफल और 6 भरमार बंदूक समेत कुल 8 हथियार बरामद किए। इसके अलावा एके-47 के 98, एसएलआर के 49, इंसास के 35, .303 के 30, 9 एमएम के 13 और 12 बोर के 4 जिंदा कारतूस मिले हैं।
बरामद सामग्री में 10 से 12 किलोग्राम वजन का एक टिफिन आईईडी (वायर रहित अवस्था में), 3 हैंड ग्रेनेड, देशी तीर बम, 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी शामिल है।
इसके अलावा एके-47 और इंसास की मैगजीन, स्टेन गन की मैगजीन, बीजीएल सेल और कारतूस, वायरलेस सेट, करीब 50 मीटर कोडेक्स वायर, 12 वोल्ट की बैटरी, करीब 5 किलोग्राम गन पाउडर, नक्सली वर्दी, दवाइयां और नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा, सुकमा एसपी मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की एवं मनीष कुंवर के मार्गदर्शन में की गई।
सुकमा पुलिस का कहना है कि नक्सलियों द्वारा जंगलों और दुर्गम इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटकों के डम्प की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। बरामद सामग्री के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।