

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

takhatpur cmo car accident bilaspur mungeli two women killed
बिलासपुर: बिलासपुर जिले के अंतर्गत मुंगेली-पथरिया मोड़ के पास शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार स्कोडा कार ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दुर्घटना का शिकार हुई कार तखतपुर नगर पालिका के सीएमओ अमरेश सिंह की है।
जानकारी के अनुसार, तखतपुर नपा सीएमओ अमरेश सिंह अपने एक साथी के साथ मुंगेली कांग्रेस जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा के जन्मदिन समारोह में शामिल होने पथरिया गए थे। रात करीब 11 बजे जब वे वहां से वापस लौट रहे थे, तभी मुंगेली-पथरिया मोड़ के पास उनकी तेज रफ्तार स्कोडा कार (जिस पर 'सीएमओ' लिखा हुआ था) ने सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार समेत चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक पर ग्राम मझगांव निवासी भुनेश्वर साहू (26), किरण बांसोड़ (36) और हेमलता साहू (39) सवार थे।
इस हादसे में हेमलता साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल किरण बांसोड़ और भुनेश्वर साहू को प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स (SIMS) रेफर किया गया था। इलाज के दौरान किरण बांसोड़ ने भी दम तोड़ दिया, जबकि युवक भुनेश्वर साहू का इलाज अभी जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जरहागांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से 'सीएमओ' लिखी टूटी हुई नंबर प्लेट व अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं।
पुलिस वाहन के पंजीयन, चश्मदीदों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित चालक और सीएमओ की तलाश में जुटी हुई है।