

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

up storm rain death toll crosses 113 yogi government compensation
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान और भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कुदरती आपदा के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 113 पहुंच गई है। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों के भीतर राज्य के 26 जिलों में बिजली गिरने और आंधी-बारिश से जुड़ी घटनाओं में जान-माल का बड़ा नुकसान हुआ है।
इस त्रासदी में अबतक 113 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लगभग 72 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। करीब 170 मवेशियों की भी इस आपदा में मौत हुई है। तेज हवाओं के कारण 227 मकानों को नुकसान पहुँचा है। तूफान की वजह से बिजली के तार टूटने से रामपुर और मुरादाबाद समेत कई इलाकों में ब्लैकआउट की स्थिति रही।
सबसे ज्यादा तबाही प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में देखी गई।
प्रयागराज: 21 लोगों की मौत।
मिर्जापुर: 19 लोगों की मौत।
संत रविदास नगर: 16 लोगों की मौत।
फतेहपुर: 11 लोगों की मौत।
अन्य जिले: रायबरेली और उन्नाव में 6-6, जबकि बदायूं और प्रतापगढ़ में 5-5 लोगों की जान गई है।
बरेली से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां तूफान इतना तेज था कि एक टिनशेड के साथ 50 फीट की ऊंचाई तक 'नन्हें मियां' नाम के व्यक्ति हवा में उड़ गए। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आपदा पर गहरा शोक व्यक्त किया है और अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं। मृतकों के आश्रितों को तत्काल 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया गया है। सीएम ने सभी प्रभारी मंत्रियों और अधिकारियों को अपने संबंधित क्षेत्रों में हुए नुकसान का जायजा लेने और हर तीन घंटे में रिपोर्ट अपडेट करने को कहा है।
उत्तर प्रदेश में हुई इस त्रासदी पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी गहरा दुख जताया है। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे संदेश में पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।