

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

नई दिल्ली। मेडिकल की दुनिया में कई बार ऐसे चमत्कार हो जाते हैं, जिन्हें देखकर बड़े से बड़े डॉक्टर्स और वैज्ञानिक भी दांतों तले उंगलियां दबा लेते हैं। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला अनोखा मामला उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से सामने आया है। यहाँ संभल की रहने वाली एक महिला ने महज 5 दिनों के भीतर चार बच्चों को जन्म दिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ये चारों बच्चे बिना किसी ऑपरेशन के, यानी पूरी तरह नॉर्मल डिलीवरी से पैदा हुए हैं। इस अजूबे की खबर और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
हाई रिस्क प्रेग्नेंसी थी, डॉक्टरों की टीम रख रही थी नजर
यह दुर्लभ और अनोखा मामला मुरादाबाद के प्रसिद्ध तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (TMU) हॉस्पिटल का है। जानकारी के अनुसार, संभल की रहने वाली अमीना की प्रेग्नेंसी को डॉक्टरों ने पहले ही 'हाई रिस्क' (बेहद संवेदनशील) घोषित कर दिया था। जांच के दौरान डॉक्टरों को पता चला था कि महिला के गर्भ में एक-दो नहीं, बल्कि चार बच्चे पल रहे हैं। इसके बाद से ही अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक स्पेशल टीम लगातार अमीना की सेहत और उनकी निगरानी कर रही थी।
9 मई को पहला बच्चा, फिर 14 मई को हुए तीन और बच्चे!
इस डिलीवरी की टाइमिंग ने ही डॉक्टरों और दुनिया को हैरान कर दिया है। डॉक्टरों ने बताया कि 9 मई को महिला को पहला प्रसव (लेबर पेन) हुआ और उसने एक बेटे को जन्म दिया। इसके ठीक 5 दिन बाद, यानी 14 मई को महिला को दोबारा प्रसव पीड़ा हुई, जिसमें उसने एक बेटे और दो बेटियों को जन्म दिया।
इस तरह अमीना ने कुल चार बच्चों (दो बेटे और दो बेटियां) को जन्म दिया। डॉक्टरों का कहना है कि एक साथ चार बच्चों का वो भी इतने दिनों के अंतराल पर पूरी तरह नॉर्मल डिलीवरी से होना 'मिरेकल' (चमत्कार) से कम नहीं है। जन्म के समय एक बच्चा थोड़ा कमजोर था, जिसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था, लेकिन फिलहाल मां और चारों बच्चे बिल्कुल स्वस्थ और सुरक्षित हैं।
इंटरनेट पर आई कमेंट्स की बाढ़, यूजर्स बोले- ‘ये तो किस्तों में आए हैं’
जैसे ही यह खबर सोशल मीडिया पर आई, यूजर्स ने मजेदार और हैरान करने वाले कमेंट्स की झड़ी लगा दी।
एक यूजर ने लिखा, “चार बच्चे एक साथ, सच में यह तो कुदरत का करिश्मा है!”
दूसरे यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “ऐसा लग रहा है जैसे बच्चों ने किस्तों (EMI) में बाहर आने का फैसला किया हो।”
वहीं एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा, “यह तो ऐसी डिलीवरी है जो पार्ट-1 और पार्ट-2 में रिलीज हुई हो! इतना तो फिल्मों वाले भी नहीं सोच सकते।”
एक गंभीर यूजर ने लिखा, “जहां आज एक बच्चे के लिए भी सीधा सिजेरियन (ऑपरेशन) करना पड़ जाता है, वहां 5 दिन में 4 बच्चों की नॉर्मल डिलीवरी होना सच में चमत्कार है। आज तो साइंस भी कंफ्यूज हो गया होगा।”