

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 का आयोजन रविवार 24 मई को किया जाएगा। छत्तीसगढ़ में परीक्षा के लिए रायपुर और बिलासपुर में कुल 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 13 हजार 319 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा को लेकर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था कड़ी कर दी है। इस बार पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया गया है, जिसके जरिए परीक्षार्थियों की पहचान सत्यापित की जाएगी।
रायपुर में 22 सेंटर, 8,449 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
रायपुर जिले में UPSC प्रीलिम्स परीक्षा के लिए 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 8 हजार 449 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर परीक्षा तैयारियों की समीक्षा की और सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास 500 मीटर के दायरे में ध्वनि प्रदूषण रोकने और किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा के दौरान पुलिस पेट्रोलिंग टीम लगातार निगरानी रखेगी।
बिलासपुर में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए
बिलासपुर जिले में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4 हजार 870 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रमुख परीक्षा केंद्रों में शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शासकीय ई. राघवेन्द्र राव स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय, शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज कोनी, सीएमडी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कौशलेन्द्र राव विधि महाविद्यालय अशोक नगर समेत कई शासकीय और निजी शिक्षण संस्थान शामिल हैं।
इसके अलावा शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला, लाल बहादुर शास्त्री हायर सेकेंडरी स्कूल, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकंडा, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय और इंदिरा गांधी शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
पहली बार लागू होगा फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम
UPSC प्रीलिम्स परीक्षा में इस बार पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया गया है। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का फेस स्कैन किया जाएगा। पहचान सत्यापित होने के बाद ही उन्हें एंट्री दी जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था से फर्जी अभ्यर्थियों और परीक्षा में गड़बड़ी की आशंकाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही सभी केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग भी की जाएगी।
दो पालियों में होगी परीक्षा
UPSC प्रीलिम्स परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी।
पहली पाली: सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक
दूसरी पाली: दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक
पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2 बजे परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
समय से पहले पहुंचने की अपील
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फेस ऑथेंटिकेशन और सुरक्षा जांच में समय लग सकता है, इसलिए अभ्यर्थी समय का विशेष ध्यान रखें।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ लाने के निर्देश भी दिए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम लगातार मॉनिटरिंग करेगी।