

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

vedanta-power-plant-boiler-blast-sakti-death-toll-rises
सक्ती वेदांता पावर प्लांट हादसा: मरने वालों की संख्या 19 पहुंची, जांच के आदेश
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसा मंगलवार दोपहर हुआ, जिसमें 4 मजदूरों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 13 ने रायगढ़ के अलग-अलग अस्पतालों में दम तोड़ा। वहीं 2 घायलों की मौत रायपुर के कालड़ा अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।
हादसे में कुल 36 मजदूर झुलस गए थे, जिनमें से 18 घायलों का इलाज अभी भी विभिन्न अस्पतालों में जारी है। मृतकों में 4 छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं, जबकि अन्य 15 उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की। कुछ मजदूरों के अब भी लापता होने की खबर है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है। परिजनों का कहना है कि प्लांट प्रबंधन की ओर से सही जानकारी नहीं दी जा रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं।
वेदांता प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपए की सहायता राशि और नौकरी देने का ऐलान किया है। वहीं घायलों को 15-15 लाख रुपए देने की घोषणा की गई है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया गया है।