

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

vice president cp radhakrishnan raipur visit traffic diversion aiims convocation 2026
रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन बुधवार को रायपुर पहुंचकर एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके दौरे को लेकर राजधानी में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उपराष्ट्रपति के काफिले के निर्धारित रूट पर मंगलवार सुबह ट्रैफिक रिहर्सल की गई। इस दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई, जिसका सीधा असर शहर के यातायात पर देखने को मिला।
मंगलवार सुबह करीब 9.55 बजे एयरपोर्ट से एम्स तक काफिले की रिहर्सल की गई। सुरक्षा कारणों से टाटीबंध से माना एयरपोर्ट की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात रोक दिया गया। करीब आधे घंटे तक आवाजाही बंद रहने के कारण टाटीबंध क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते करीब 5 से 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
रिंग रोड-1 पर भी लगी वाहनों की कतार
ट्रैफिक रोके जाने का असर केवल टाटीबंध तक सीमित नहीं रहा। रिंग रोड-1 के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं। काफिले की रिहर्सल पूरी होने के बाद सड़क पर यातायात बहाल कर दिया गया, लेकिन वाहनों का दबाव इतना ज्यादा था कि जाम का असर कई घंटे तक बना रहा। बताया गया कि टाटीबंध और आसपास के इलाकों में यातायात व्यवस्था करीब शाम 4 बजे तक प्रभावित रही।
रिहर्सल के दौरान सामने आई यातायात स्थिति को देखते हुए बुधवार को वास्तविक वीआईपी मूवमेंट के दौरान पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन और रोक की विस्तृत व्यवस्था की है।
आज सुबह 9.45 बजे से प्रभावित रहेगा ट्रैफिक
उपराष्ट्रपति का काफिला बुधवार सुबह करीब 10 बजे माना एयरपोर्ट से एम्स टाटीबंध के लिए रवाना होगा। काफिले के गुजरने के दौरान संबंधित मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोका जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार सुबह 9.45 बजे से माना एयरपोर्ट से फुंडहर चौक, एक्सप्रेस-वे, तेलीबांधा ब्रिज, तेलीबांधा रिंग रोड-1, पचपेड़ीनाका, संतोषीनगर, भाठागांव, कुशालपुर, रायपुरा, सरोना और टाटीबंध-आमानाका होते हुए एम्स रोड तक यातायात प्रभावित रहेगा।
काफिला जिस हिस्से से आगे बढ़ेगा, उस हिस्से में सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोका जाएगा और काफिला निकलने के बाद यातायात बहाल किया जाएगा।
दोपहर 12.30 बजे वापसी में भी बदलेगी व्यवस्था
एम्स में कार्यक्रम के बाद उपराष्ट्रपति का काफिला दोपहर करीब 12.30 बजे वापस माना एयरपोर्ट की ओर रवाना होगा। वापसी के दौरान भी इसी रूट पर चरणबद्ध तरीके से यातायात रोका जाएगा।
एम्स से टाटीबंध, सरोना, रायपुरा, कुशालपुर, भाठागांव, संतोषीनगर, पचपेड़ीनाका, तेलीबांधा ओवरब्रिज, एक्सप्रेस-वे और फुंडहर चौक होते हुए माना एयरपोर्ट तक काफिले के आगे बढ़ने के साथ संबंधित मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।
इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
- नवा रायपुर, एयरपोर्ट और फुंडहर से शहर आने-जाने वाले वाहन एक्सप्रेस-वे की बजाय वीआईपी रोड और तेलीबांधा तालाब वाले मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- नवा रायपुर और एयरपोर्ट से आने वाले वाहन माना कैंप, डुमरतराई, पचपेड़ीनाका और संतोषीनगर रोड का उपयोग कर सकते हैं।
- दुर्ग-भिलाई और टाटीबंध से शहर आने वाले वाहन हीरापुर-कबीर नगर या भाठागांव-संतोषीनगर मार्ग से आवाजाही कर सकते हैं।
- आमापारा और यूनिवर्सिटी की ओर से आमानाका जाने वाले वाहन एनआईटी और डीडी नगर गोल चौक वाले मार्ग का इस्तेमाल करें।
ट्रैफिक पुलिस की लोगों से अपील
मंगलवार की रिहर्सल के दौरान टाटीबंध में लगे लंबे जाम को देखते हुए बुधवार को भी शहर के कई हिस्सों में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जरूरी होने पर ही प्रभावित मार्गों का इस्तेमाल करें।
वीआईपी काफिले के समय जाम से बचने के लिए लोग पहले से अपना रूट तय करें, संभव हो तो वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और घर से निकलते समय अतिरिक्त समय लेकर चलें। खासकर टाटीबंध, पचपेड़ीनाका, तेलीबांधा, सरोना, रायपुरा, भाठागांव और आमानाका की ओर जाने वाले वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।