

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

virat-kohli-instagram-account-deactivated
दुनिया के स्टार क्रिकेटर्स में शुमार और पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट देर रात अचानक डीएक्टिवेट हो गया, जिससे उनके फैंस हैरान और परेशान नजर आ रहे हैं। इंस्टाग्राम पर विराट कोहली का नाम सर्च करने पर उनकी प्रोफाइल दिखाई नहीं दे रही है, वहीं अकाउंट खोलने की कोशिश करने पर यूजर्स को “प्रोफाइल उपलब्ध नहीं है” का मैसेज मिल रहा है।
इस अचानक हुई घटना को लेकर अब तक न तो विराट कोहली, न ही उनकी टीम या मैनेजमेंट और न ही इंस्टाग्राम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है। ऐसे में यह साफ नहीं हो पाया है कि यह कदम खुद कोहली ने उठाया है, यह अस्थायी रूप से डीएक्टिवेशन है या फिर किसी तकनीकी समस्या का नतीजा।
बता दें कि विराट कोहली के इंस्टाग्राम पर 274 मिलियन (27 करोड़ 40 लाख) से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। इतने बड़े सोशल मीडिया स्टार का अकाउंट अचानक गायब हो जाना क्रिकेट प्रेमियों और उनके करोड़ों चाहने वालों के बीच चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर फैंस लगातार स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे हैं और तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस रहस्य को और गहरा करते हुए विराट कोहली के भाई विकास कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट भी सर्च में दिखाई नहीं दे रहा है। उनके प्रोफाइल को एक्सेस करने पर भी यूजर्स को वही “प्रोफाइल उपलब्ध नहीं है” का संदेश मिल रहा है।
यह पहली बार नहीं है जब विराट कोहली ने सोशल मीडिया से दूरी बनाई हो। इससे पहले वे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से कई विज्ञापन और प्रमोशनल पोस्ट हटा चुके हैं। उस समय कोहली ने संकेत दिया था कि वे क्रिकेट और अपने परिवार पर ज्यादा ध्यान देना चाहते हैं। हालांकि, इस बार पूरा अकाउंट ही नजर न आना फैंस के लिए चौंकाने वाला है।
फिलहाल सभी की नजरें विराट कोहली या उनकी टीम की ओर से आने वाले आधिकारिक बयान पर टिकी हुई हैं, जिससे इस रहस्य से पर्दा उठ सके।