

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

visakhapatnam steel plant molten steel leak 8 workers killed
विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित स्टील प्लांट में सोमवार को हुए भीषण औद्योगिक हादसे में कम से कम 8 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप (SMS) सेक्शन में उस समय हुआ जब अत्यधिक तापमान पर मौजूद पिघला हुआ स्टील अचानक रिसाव के साथ कर्मचारियों पर जा गिरा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लांट के SMS-2 और STC-3 हीट फैसिलिटी में क्रेन के जरिए लगभग 1,500 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान वाले पिघले स्टील को एक लैडल (Ladle) में ले जाया जा रहा था। इसी दौरान लैडल में तकनीकी खराबी आने या उसके असंतुलित होने से खौलता हुआ स्टील नीचे कार्यरत मजदूरों पर गिर पड़ा। हादसे के बाद पूरे प्लांट में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही प्लांट की फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। आग पर काबू पाने और फंसे कर्मचारियों को बाहर निकालने का प्रयास जारी है। घायल कर्मचारियों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए आंध्र प्रदेश सरकार ने अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। राज्य की गृह मंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली है तथा घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री ने भी हादसे पर गहरा दुख जताते हुए राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने को कहा है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती आशंका है कि लैडल या उसे संभालने वाले उपकरण में आई तकनीकी खराबी के कारण यह दुर्घटना हुई। जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी संदेश में कहा गया है कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।
साथ ही प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।