

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Protesters took to the streets against TMC leaders, eggs and shoes were thrown at the councillors, MLA's car was also targeted.
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आ रहा है। पार्टी के दो पार्षदों की अलग-अलग मामलों में गिरफ्तारी के बाद कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने न केवल नेताओं के खिलाफ नारेबाजी की, बल्कि कुछ स्थानों पर अंडे और जूते भी फेंके गए। कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनावपूर्ण स्थिति भी देखने को मिली।
दक्षिण-पूर्व कोलकाता के पार्षद बप्पादित्य दासगुप्ता की गिरफ्तारी के बाद पाटुली इलाके में बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जमा हो गए। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ 'चोर-चोर' के नारे लगाए। रविवार को जब पुलिस उन्हें अलीपुर कोर्ट ले जा रही थी, तब भी लोगों ने उन पर अंडे फेंककर विरोध दर्ज कराया। अदालत ने दासगुप्ता को 21 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। दासगुप्ता और उनके सहयोगी सौरव घोष को रंगदारी, धमकी, जबरन घुसपैठ और आग लगाने की कोशिश जैसे गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया गया है।
उत्तर कोलकाता के पार्षद मोहम्मद जसीमुद्दीन को वर्ष 2023 के एक पॉक्सो मामले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस जब उन्हें पकड़ने पहुंची तो उन्होंने खुद को घर के भीतर बंद कर लिया। करीब छह घंटे तक पुलिस बाहर इंतजार करती रही। बाद में ताला खोलने वाले को बुलाया गया, जिसके बाद जसीमुद्दीन ने स्वयं दरवाजा खोला। गिरफ्तारी के दौरान लोगों ने पुलिस वाहन पर अंडे फेंककर विरोध जताया।
हावड़ा जिले के अमरदाहा गांव में ग्रामीणों ने टीएमसी नेता सन्यासी मन्ना के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि वह सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे वसूलता था। नाराज ग्रामीणों ने उसका सिर मुंडवा दिया और जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला।
कमरहाटी क्षेत्र में शनिवार रात टीएमसी विधायक मदन मित्रा को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। जब वह अरियादाहा इलाके के दौरे पर पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और 'चोर-चोर' के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने कथित 'कटमनी' के रूप में लिए गए पैसे वापस करने की मांग की। इस दौरान उनकी कार पर अंडे भी फेंके गए।
लगातार हो रही गिरफ्तारियों और विरोध प्रदर्शनों ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। कई इलाकों में लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आने से राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। वहीं पुलिस विभिन्न मामलों की जांच में जुटी हुई है और कानून व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास कर रही है।