

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Gautam Adani becomes Asia's richest man again, overtakes Ambani with wealth surge
मुंबई। देश के जाने-माने उद्योगपति और अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब हासिल कर लिया है। अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में आई तेजी के चलते उनकी संपत्ति में बड़ा इजाफा हुआ है, जिससे उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ दिया है।
फोर्ब्स की रियल टाइम अरबपति सूची के अनुसार, बीते शुक्रवार को गौतम अदाणी की कुल संपत्ति में करीब 2.5 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बाद उनकी कुल संपत्ति 89.2 अरब डॉलर तक पहुंच गई, जिसके साथ वह एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक मुकेश अंबानी की कुल संपत्ति 88 अरब डॉलर आंकी गई है। इसी वजह से वह एशिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं सॉफ्टबैंक के संस्थापक मासायोशी सोन 87 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।
गौतम अदाणी की संपत्ति में बढ़ोतरी का सबसे बड़ा कारण अदाणी समूह की सूचीबद्ध कंपनियों के शेयरों में आई मजबूती को माना जा रहा है। अदाणी पावर, अदाणी पोर्ट्स, अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी ग्रीन एनर्जी और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयरों में लगातार तेजी देखने को मिली है, जिससे समूह का बाजार मूल्य भी बढ़ा है।
फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में अदाणी समूह से जुड़े मामलों में सकारात्मक घटनाक्रम के बाद निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। इसका असर समूह की कंपनियों के शेयरों पर भी दिखाई दिया, जिससे गौतम अदाणी की संपत्ति में पिछले कुछ समय के दौरान करीब 10 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।
शुक्रवार को अदाणी समूह की छह प्रमुख सूचीबद्ध कंपनियों का संयुक्त बाजार पूंजीकरण 191 अरब डॉलर तक पहुंच गया। यह समूह के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है और इससे निवेशकों का बढ़ता विश्वास भी साफ नजर आता है।
पिछले कुछ वर्षों में कई चुनौतियों और विवादों का सामना करने के बाद गौतम अदाणी की यह वापसी काफी अहम मानी जा रही है। एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में दोबारा शीर्ष स्थान हासिल करना न केवल उनके लिए, बल्कि भारतीय उद्योग जगत के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।