

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

vishnu-deo-sai-fuel-lpg-supply-review-chhattisgarh
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस सिलिंडर की कथित किल्लत को लेकर शनिवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उन्होंने कमिश्नरों, आईजी और कलेक्टरों से पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों के मद्देनज़र आपूर्ति व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों के भंडारण और आपूर्ति की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की कि पेट्रोलियम पदार्थ, गैस और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए अफवाहों से दूर रहें।
बैठक में यह भी तय किया गया कि होटल, रेस्टोरेंट और अन्य बड़े उपभोक्ताओं को उनकी कुल खपत का 70 प्रतिशत कमर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
इस दौरान HPCL, BPCL और IOCL के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। गैस सिलिंडरों की ऑनलाइन बुकिंग भी सुचारु रूप से हो रही है। उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लिए 45 दिन और सामान्य गैस कनेक्शन के लिए 25 दिन की समय-सीमा तय की गई है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं और प्रभारी सचिव तथा कलेक्टर नियमित समीक्षा करें। किसी भी समस्या की स्थिति में आम नागरिक राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम के टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम एशिया संकट को लेकर सभी राज्यों के साथ चर्चा की थी, जिसके बाद राज्यों में आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।