

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

vishnu deo sai launches peepal for people campaign van mahotsav 2026 chhattisgarh
रायपुर, 5 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ करते हुए नया रायपुर में अपनी मां के नाम पर पीपल का पौधा लगाया। इसी के साथ प्रदेशव्यापी 'पीपल फॉर पीपुल' अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के तहत लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में 2,500 से अधिक पीपल के पौधों का रोपण किया गया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़ने और अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण की जरूरत नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पीपल का विशेष महत्व है। यह आस्था, आध्यात्मिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक माना जाता है। साथ ही यह जैव विविधता के संरक्षण और वायु गुणवत्ता सुधारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू हुआ 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान अब जनआंदोलन बन चुका है। छत्तीसगढ़ में पिछले दो वर्षों में 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि इस वर्ष प्रदेश में ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। लोगों से घर, खेत, स्कूल, कार्यस्थल और आसपास उपलब्ध स्थानों पर पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का आग्रह किया गया।

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि 'पीपल फॉर पीपुल' अभियान स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा पिछले दो वर्षों में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लगभग 7.5 करोड़ पौधों का रोपण किया जा चुका है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने के साथ एक पौधा लगाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।