

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

vishnu deo sai school praveshotsav jamgaon 2026
रायपुर, 19 जुलाई। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन 20 जुलाई को दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामगांव (एम) में किया जाएगा। दोपहर 12 बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उप मुख्यमंत्री एवं दुर्ग जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा अतिविशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अन्य अतिथि पहली बार स्कूल में प्रवेश लेने वाले बच्चों का तिलक लगाकर और मुंह मीठा कराकर आत्मीय स्वागत करेंगे। शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाना, विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और शिक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक माहौल तैयार करना है।
समारोह में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, पाटन विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव, साजा विधायक ईश्वर साहू, छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय तथा तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक, जिला पंचायत सदस्य नीलम चन्द्राकर, जनपद सदस्य संतोषी ठाकुर और ग्राम पंचायत जामगांव (एम) की सरपंच तुलसी सिन्हा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार शाला प्रवेशोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभाग ने अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर नवप्रवेशी बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।