

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

woman-murdered-witchcraft-suspicion-gourela-pendra-marwahi
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: जिले के पेंड्रा थाना अंतर्गत कोडगार चौकी इलाके में अंधविश्वास के चलते एक महिला की हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जादू-टोने के शक में एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पड़ोस में रहने वाली महिला को मौत के घाट उतार दिया और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया।
क्या है पूरी घटना?
जानकारी के मुताबिक, आरोपी धीरपाल (50) के बेटे की कुछ महीने पहले इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बेटे की मौत के बाद से ही धीरपाल मानसिक रूप से परेशान था और उसे शक था कि पड़ोस में रहने वाली कौशल्या श्याम ने जादू-टोना करके उसके बेटे की जान ली है। इसी रंजिश के चलते उसने हत्या की साजिश रची।
पत्थर से वार कर उतारा मौत के घाट
घटना वाले दिन जब कौशल्या घर में अकेली थी, तब धीरपाल और उसके दो साथियों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने महिला के सिर पर भारी पत्थर से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को घर के पास स्थित कुएं में फेंक दिया और फरार हो गए।
खून के निशानों से खुला राज
महिला के परिजनों के घर लौटने पर दरवाजे पर खून के निशान दिखे, जिससे हड़कंप मच गया। खोजबीन करने पर कुएं में कौशल्या का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने संदेह के आधार पर जब पड़ोसी धीरपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अन्य दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।