

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
Accident News: A horrific accident on the Mumbai-Ahmedabad highway, a container overturned on a tempo full of wedding guests; 13 died, 20 injured.
पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में सोमवार को मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धाणीवरी इलाके के पास बारातियों से भरे एक टेंपो पर तेज रफ्तार कंटेनर पलट गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस भीषण दुर्घटना में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
शादी समारोह में जा रहे थे बाराती
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ। दहानू के बापू गांव से एक परिवार साखरपुड़ा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धाणीवरी जा रहा था। बारातियों से भरा टेंपो जैसे ही धाणीवरी क्षेत्र के पास पहुंचा, तभी गुजरात से मुंबई की ओर जा रहा एक कंटेनर अनियंत्रित होकर टेंपो पर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गलत दिशा में वाहन ले जाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टेंपो चालक ने करीब एक किलोमीटर का रास्ता बचाने के लिए वाहन को गलत दिशा में मोड़ दिया था। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर पहले एक बाइक सवार को कुचलते हुए टेंपो पर पलट गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को कासा उपजिला अस्पताल और धुंदलवाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जताया दुख
देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देगी। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए गए हैं।
विधायक और पुलिस अधिकारी पहुंचे मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही पालघर के विधायक राजेंद्र गावित और पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। विधायक ने मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर चल रहे अधूरे कंक्रीटीकरण कार्य को दुर्घटनाओं की एक बड़ी वजह बताया और जल्द काम पूरा कराने की मांग की।
हादसे में जान गंवाने वालों के नाम
मृतकों में सुरेश रत्ना लाखात, पांडू गणपत लाखात, काळू गोविंद लाखात, सुनील अर्जुन दांडेकर, चिमा गोविंद कुरहाडा, नमिता विठ्ठल दांडेकर, सारिका संतोष लाखात, आयुष सिताराम लाखात, सागर नामदेव शेंडे, वंदना शिवराम वलवी, सलोनी शिवराम वलवी, अजय अहाडी और रियांशी संतोष लाखात शामिल हैं।