

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

MP News: Major road accident in Narsinghpur, bus going from Nepal to Bengaluru overturned, 10 passengers injured
नरसिंहपुर। मध्यप्रदेश में तेज रफ्तार का कहर लगातार जारी है। ताजा मामला नरसिंहपुर जिले से सामने आया है, जहां नेपाल से बेंगलुरु जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 10 यात्री घायल हो गए, जिनमें एक बच्चा और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना मुंगवानी थाना क्षेत्र के खमरिया गांव के पास अलसुबह हुई। तेज रफ्तार बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल 1033 एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल यात्रियों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
बस में सवार एक महिला यात्री ने चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यात्री के मुताबिक, ड्राइवर शराब के नशे में था और तेज रफ्तार में बस चला रहा था। मोड़ पर नियंत्रण खोने के कारण बस पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस चालक की स्थिति और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। प्रशासन ने यात्रियों से पूछताछ शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाने की कार्रवाई जारी है।