

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Crime: ACB action in Bhatapara, Principal arrested for taking bribe of 15 thousand
बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्राचार्य को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
वेतन पास करने के लिए मांगी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी खेमेश्वर डांडे (निवासी मोपका, भाटापारा) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता विजय कुमार डांडे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोपका में व्याख्याता के पद पर पदस्थ हैं। वर्ष 2017-18 में दुर्घटना के कारण वे दिव्यांग हो गए थे, इसके बावजूद नियमित रूप से विद्यालय जाते रहे।
आरोप है कि विद्यालय के प्राचार्य आर.एन. बया द्वारा उनका वेतन निकालने में लगातार आना-कानी की जाती थी और प्रताड़ित किया जाता था। शिकायत के अनुसार, वेतन आहरण के बदले प्रतिमाह 10,000 रुपये रिश्वत ली जाती थी। कई बार यह रकम आरोपी द्वारा अपने बैंक खाते में भी जमा कराई गई।
छह महीने से रोका था वेतन
बताया गया कि करीब छह माह पहले आरोपी ने 10,000 रुपये की जगह 15,000 रुपये रिश्वत की मांग की। रकम नहीं देने पर छह महीने का वेतन रोक दिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं होने पर प्रार्थी ने एसीबी रायपुर से संपर्क किया। प्रार्थी रिश्वत देना नहीं चाहता था, बल्कि आरोपी को रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।
रेलवे स्टेशन के पास रंगे हाथ पकड़ा
एसीबी टीम ने भाटापारा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रैप बिछाकर प्राचार्य आर.एन. बया को 15,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।