

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Allegations of bribery in Gariaband, sub-inspector suspended, viral audio creates stir
गरियाबंद। सिटी कोतवाली में पदस्थ उप निरीक्षक अजय कुमार सिंह पर एक पुलिस प्रकरण दबाने के एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगे हैं। सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नीरज चंद्राकर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित उप निरीक्षक को निलंबित कर दिया है।
वायरल ऑडियो में रिश्वत लेने के आरोप
पहले वायरल ऑडियो में प्रार्थी और उप निरीक्षक के बीच बातचीत सुनाई दे रही है, जिसमें प्रार्थी कथित तौर पर 10 हजार रुपए देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने की बात कहता है। इस पर उप निरीक्षक द्वारा यह कहे जाने की बात सामने आई है कि पैसा उन्हें नहीं मिला, बल्कि पूरा पैसा डीएसपी को दिया गया और मामला उन्हीं ने संभाला है। बातचीत में केस डायरी और कार्रवाई से जुड़ी अन्य बातें भी सामने आई हैं।

दूसरे ऑडियो में पैसे लौटाने की बात
दूसरे ऑडियो में प्रार्थी की पत्नी और उप निरीक्षक के बीच बातचीत सामने आई है। इसमें उप निरीक्षक किसी ‘नंदू जी’ का जिक्र करते हुए फोटो लाने को कहते हैं। महिला द्वारा 10 हजार रुपए वापस दिलाने की बात पूछने पर उप निरीक्षक कथित तौर पर डीएसपी से मिलवाकर पैसे वापस दिलाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं।
हमले के मामले से जुड़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, पूरा मामला एक महिला पर हुए हमले से जुड़ा है, जिसमें दो जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगे थे। आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित परिवार पर ही प्रकरण दर्ज कर दिया गया। पीड़ित पक्ष का कहना है कि केस दबाने के लिए उनसे रिश्वत ली गई।
7 दिन में जांच रिपोर्ट के निर्देश
मामले की जांच उप पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। उन्हें 7 दिनों के भीतर प्राथमिक जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग ने दिया सख्त संदेश
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग की सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, वायरल ऑडियो की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी, लेकिन फिलहाल उप निरीक्षक के निलंबन से विभाग में हलचल मची हुई है।