

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Major betting network busted in Raipur, raids conducted in three states, 22 arrested and transactions worth Rs 4 crore exposed
रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में तीन राज्यों में एक साथ छापेमारी कर 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस पूरे नेटवर्क में बैंक खातों, सिम कार्ड और कलेक्शन सिस्टम को अलग-अलग टीमों के जरिए संचालित किया जा रहा था।
सैलरी पर काम कर रहे थे बुकी, तकनीक से चल रहा था पूरा खेल
जांच में सामने आया है कि इस सट्टा नेटवर्क में शामिल कई लोग नियमित सैलरी पर काम कर रहे थे। इन्हें दांव लगाने, पैसा लेने और कलेक्शन संभालने जैसे अलग-अलग काम सौंपे गए थे। नेटवर्क में बैंक खाता, सिम कार्ड उपलब्ध कराने और कैश कलेक्शन के लिए अलग-अलग मॉड्यूल बनाए गए थे।
कार्रवाई का आधार बना मोबाइल डेटा, कई राज्यों में एक साथ रेड
पुलिस के अनुसार सूचना मिलने के बाद टाटीबंध निवासी मनदीप सिंह को हिरासत में लिया गया। उसके मोबाइल की जांच में बड़े पैनल का खुलासा हुआ। इसके बाद रायपुर, दुर्ग, मुंबई और ओडिशा में एक साथ छापेमारी की गई, जिसमें कुल 22 आरोपी पकड़े गए।
जांच में सामने आया कि करीब 72 बैंक खातों का इस्तेमाल इस नेटवर्क में किया जा रहा था, जिनमें लगभग 4 करोड़ रुपये का लेनदेन पाया गया। सभी खातों को ब्लॉक कर दिया गया है।
एप और सॉफ्टवेयर के जरिए चलता था पूरा रैकेट
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह नेटवर्क आधुनिक तकनीक और मोबाइल एप के जरिए संचालित किया जा रहा था। हैदराबाद और बेंगलुरु के सॉफ्टवेयर इंजीनियरों की मदद से नए एप तैयार किए जा रहे थे। आईडी और पासवर्ड तक 10 हजार से 1 लाख रुपये में बेचे जा रहे थे।
बड़े बुकी और कारोबारी भी रडार पर
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि कई बड़े बुकी और कारोबारी इस नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। होटल, क्लब, सराफा और अन्य कारोबार से जुड़े कुछ लोग भी इस सट्टेबाजी में फाइनेंसिंग और संचालन में शामिल बताए जा रहे हैं। एजेंसियां इनकी भूमिका की जांच कर रही हैं।
तीन राज्यों में फैला नेटवर्क, कई शहरों से गिरफ्तारी
इस ऑपरेशन के तहत मुंबई, ओडिशा, रायपुर और दुर्ग से कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से तकनीकी उपकरण, मोबाइल फोन, लैपटॉप और बैंक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
60 लाख से ज्यादा की सामग्री जब्त, जांच जारी
पुलिस ने इस कार्रवाई में लगभग 60 लाख रुपये मूल्य के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, 87 मोबाइल फोन, दर्जनों सिम कार्ड और अन्य सामग्री जब्त की है। साथ ही नकदी भी बरामद की गई है।
एक साल से चल रहा था नेटवर्क, फरार मास्टरमाइंड की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक यह पूरा गिरोह पिछले एक साल से सक्रिय था। फिलहाल मुख्य मास्टरमाइंड फरार है और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क के और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।