

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Heat wave has started in Chhattisgarh heat wave like conditions can develop in these 7 districts in the next 48 hours
छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रदेश के 7 जिलों में लू जैसे हालात बने हुए है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और भी अधिक गर्मी और लू की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों में कई जिलों में लू चलने के आसार बन रहे हैं।
प्रदेश में सबसे गर्म जिला बिलासपुर रहा। यहां अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री दर्ज किया गया। उधर, सुकमा में दिनभर उमस और गर्मी के बाद देर शाम मौसम का मिजाज बदल गया। आंधी और तेज वर्षा हुई और लोगों ने राहत की सांस ली।
राजनांदगांव में 41.5, महासमुंद में 42.5, दुर्ग में 42.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बिलासपुर और महासमुंद में तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक अधिक रहा। गर्मी के कारण दोपहर के समय बाजारों में भीड़ नहीं दिख रही है।
कामकाजी लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटों में भीषण गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं जताई है।
प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन, तेज हवा तथा वज्रपात होने के आसार है। पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में बना हुआ है।
पूर्व-पश्चिम गर्त मध्य पाकिस्तान और उससे सटे उत्तर-पश्चिमी राजस्थान पर चक्रवाती परिसंचरण से लेकर दक्षिण उत्तर प्रदेश, झारखंड और उत्तर गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए मध्य बांग्लादेश तक औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर बना हुआ है।
प्रदेश के सरगुजा, जशपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और बलरामपुर में अगले 48 घंटों में लू चलने की संभावना जताई गई है।