

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: IED blast on Kanker-Narayanpur border, 3 soldiers including DRG inspector martyred
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में शनिवार को नक्सल प्रभावित इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में सर्चिंग अभियान पर निकली डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) टीम आईईडी निष्क्रिय करने के दौरान विस्फोट का शिकार हो गई। इस हादसे में डीआरजी इंस्पेक्टर समेत तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है।
आईईडी निष्क्रिय करते समय हुआ विस्फोट
जानकारी के अनुसार कांकेर डीआरजी की टीम नक्सलियों द्वारा प्लांट किए गए आईईडी को बरामद करने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर रही थी। इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मौके पर मौजूद चार जवान इसकी चपेट में आ गए।
शहीद जवानों के नाम
इस दुखद घटना में डीआरजी इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले शहीद हो गए। वहीं घायल जवान कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा का इलाज जारी है और उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
बस्तर आईजी ने की पुष्टि
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पिछले कुछ महीनों में आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारी और अन्य इनपुट के आधार पर सुरक्षा बलों ने बस्तर क्षेत्र में सैकड़ों आईईडी बरामद कर उन्हें निष्क्रिय किया था।
उन्होंने कहा कि शनिवार को कांकेर जिला पुलिस की टीम भी इसी अभियान के तहत आईईडी निष्क्रिय कर रही थी, लेकिन दुर्भाग्यवश वह आकस्मिक रूप से विस्फोटित हो गया, जिससे तीन जवानों की मौत हो गई और एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
क्षेत्र में बढ़ाई गई सतर्कता
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बलों की सतर्कता बढ़ा दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके। जवानों की शहादत से पूरे बस्तर क्षेत्र में शोक की लहर है।