

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Crime: Inter-state gang involved in chain snatching from luxury cars arrested in Raipur
रायपुर। राजधानी पुलिस ने लग्जरी कार में घूमकर चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में सात महिलाओं और एक पुरुष समेत कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और अलग-अलग राज्यों में वारदात करते थे।
इंदौर और महाराष्ट्र से जुड़े आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी संध्या सकटे (30), निवासी इंदौर (मध्यप्रदेश) शामिल है। अन्य आरोपी भी इंदौर और जलगांव (महाराष्ट्र) के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 10,500 रुपये नकद, एक सोने की चेन, कटर, चार मोबाइल फोन और एक इनोवा कार जब्त की है।
बाजार में बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना
मामले का खुलासा तब हुआ जब डीडी नगर थाना क्षेत्र में तरुणेन्द्र वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 8 अप्रैल की शाम चंगोराभाठा बाजार में उनकी 66 वर्षीय माता निर्मला वर्मा के गले से अज्ञात महिला ने सोने की चेन पार कर दी।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास मंडराते हुए चेन निकालते दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों का पीछा शुरू किया।
बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध इनोवा वाहन भाठागांव बस स्टैंड के पास खड़ा है। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया। कार में सवार सभी आरोपियों ने पहले गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदातें कबूल कर लीं।
शहर के कई इलाकों में की वारदातें
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डीडी नगर थाना क्षेत्रों में भीड़भाड़ वाले इलाकों में कई चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया है। इन मामलों में पहले से कई अपराध दर्ज हैं।
पुलिस कर रही आगे की जांच
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित वारदातों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।