

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh politics: Kharge and Rahul may be seen together again in Chhattisgarh, will participate in the 'MNREGA BachaoBolt' rally.
रायपुर। फरवरी 2023 के कांग्रेस महाधिवेशन के बाद एक बार फिर मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे के आसार बन रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने संकेत दिए हैं कि मार्च के दूसरे सप्ताह में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत आयोजित रैली में दोनों वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं।
बिजली दरों को लेकर सरकार पर हमला
मीडिया से चर्चा में दीपक बैज ने राज्य सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों में भाजपा सरकार ने ‘बिजली बिल हाफ’ योजना बंद कर दी और चार बार बिजली दरों में वृद्धि की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विद्युत नियामक आयोग में जनसुनवाई चल रही है, जिससे संकेत मिलता है कि सरकार फिर से बिजली दर बढ़ाने की तैयारी में है। बैज ने केंद्र सरकार पर सेस कम करने का भी आरोप लगाया।
राज्यसभा सीट पर पार्टी तय करेगी नाम
छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सीट को लेकर पूछे गए सवाल पर बैज ने कहा कि यह पार्टी का विशेषाधिकार है कि किसे उम्मीदवार बनाया जाए। उन्होंने कहा कि बस्तर से सरगुजा तक कांग्रेस संघर्ष कर रही है और यदि उनसे सलाह मांगी जाएगी तो वे अवश्य देंगे।
‘फ्रीबीज’ पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का स्वागत
सुप्रीम कोर्ट की ओर से ‘फ्रीबीज’ पर की गई टिप्पणी का स्वागत करते हुए बैज ने कहा कि बिहार और असम में चुनाव के दौरान 10-10 हजार रुपये बांटे जाने के मामलों की जांच होनी चाहिए। उनका आरोप है कि चुनावी लाभ के लिए सरकारी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।
बजट सत्र में सरकार को घेरने की तैयारी
24 फरवरी को पेश होने वाले राज्य बजट को लेकर बैज ने कहा कि बजट सत्र में कांग्रेस विधायक दल सरकार को विधानसभा के भीतर और बाहर दोनों जगह घेरने की रणनीति पर काम करेगा। उन्होंने मतदाता सूची (SIR) की अंतिम सूची जारी होने के मामले में भी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग का दुरुपयोग किया जा रहा है और अब उसकी निष्पक्षता पर नजर रहेगी।
जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण की तैयारी
दीपक बैज ने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ में ओडिशा और झारखंड के साथ मिलाकर 100 से अधिक जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा सकता है। लगभग 10 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में तीनों राज्यों के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। संभावना है कि कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी इसमें भाग लें।